संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। पहले से ही संकरी गली में निकलने में लोग परेशान थे, अब बिजली विभाग ने यहां खंभा और लगा दिया, जिससे परेशानी और भी बढ़ गई है। परेशान मोहल्लेवासियों ने मुख्य अभियंता से इसकी शिकायत करते खंभे को हटवाने की मांग की है।
शहर के वार्ड-59 बड़ा बाजार मिठाई बाली गली, जिसमें काफी संख्या में दुकानें मौजूद हैं। यहां से काफी संख्या में लोगों का आना जाना रहता है। समस्या यह है कि यह गली काफी संकरी है और लोग निकलने में परेशान रहते हैं। लेकिन पिछले दिनों बिजली विभाग द्वारा यहां बगैर किसी के प्रस्ताव और मांग पर खंभा लगा दिया है। इससे यह गली और अधिक संकरी हो गयी है और लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। खंभा लगने से यहां के लोगों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। मोहल्लेवासी भी परेशान हो रहे हैं। इमरजेंसी वाहन भी यहां पहुंचने में अब दिक्कतें है। उन्होंने इस खंभे को हटाने की मांग की है। शिकायती पत्र पर अर्पण अग्रवाल, योग अग्रवाल, पारस के अलावा लोगों के हस्ताक्षर बने हुए थे।