रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लुहरगांव में एक व्यक्ति सुखनई नदी में बह गया, जिसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना पाकर प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, एसडीआरएफ और गोताखोर टीम भी मौके पहुंची, लेकिन नदी की तेज धार होने के कारण गोताखोर टीम वापस हो गई। नदी में बहे व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका। व्यक्ति के नदी में बह जाने की सूचना से परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार, लुहरगांव के रहने वाले मुकेश उर्फ मुक्खी शुक्रवार सुबह आठ बजे शौच के लिए नदी की तरफ गया था। बारिश के चलते सुखनई नदी उफान पर है। पैर फिसल जाने से वह नदी में बह गया। नदी के तेज बहाव की वजह से वह नहीं निकल पाया। नदी के आसपास मौजूद कुछ लोगों के द्वारा मुकेश को नदी में बहता हुआ देखा गया। वहीं मामले से परिजनों को अवगत कराया गया। जैसे ही यह जानकारी गांव में पहुंची तो सैकड़ो की संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पाकर रानीपुर चौकी प्रभारी निखिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर प्रशासनिक अधिकारी तहसीलदार ललित कुमार, लेखपाल पुष्पेंद्र वर्मा आदि मौके पर पहुंचे। साथ ही एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। नदी की तेज धार एवं नदी में गड्ढे तथा पत्थर आदि होने की वजह से गोताखोर की टीम नदी में नहीं उतर सकी। कयास लगाया जा रहा है कि नदी में बहा व्यक्ति नीचे की तरफ चला गया होगा। मुकेश के परिवार में मां, उसकी पत्नी, दो बच्चे और एक बच्ची है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।