झांसी। पिछले 16 दिनों के भीतर जिले में 9 हत्याएं हो चुकी हैं। इनमें दो दोहरे हत्याकांड भी शामिल हैं। एक के बाद एक सामने आ रहीं ये घटनाएं पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल रहीं हैं।
प्रेमनगर थाना इलाके में 30 सितंबर की रात घर में सो रहे पति-पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया था। इस घटना का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। जबकि, 30 सितंबर को ही प्रेमनगर इलाके के श्रीनगर में एक युवक को मारकर शव पेड़ पर लटका दिया गया था।
इस घटना के आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं। इसके बाद टोड़ीफतेहपुर में पत्नी के सामने ही पति की हत्या कर दी गई थी, जबकि चार अक्तूबर को थाना बड़ागांव के चंदपुरा कस्बे में लूट के इरादे से घर में दाखिल हुए बदमाशों ने गृहस्वामी पर प्राणघातक हमला बोल दिया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। सिलसिला यहीं नहीं थमा, इसके बाद गुरसराय के मोदी चौराहा के पास सराफा कारोबारी के पुत्र की अज्ञात बदमाशों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। इन घटनाओं से पुलिस उबर भी नहीं पाई थी कि प्रेमनगर क्षेत्र के बिजौली में आपसी विवाद में एक व्यक्ति ने मां-बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। अब कोतवाली इलाके में हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया गया।