झांसी। जिले में चोरी व डकैती की घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस लापरवाही बरतती है। इसका उदाहरण चंदा होटल के पीछे रहने वाले दवा कारोबारी अनिल दरगढ़ के घर साढ़े चार साल पहले हुई 44 लाख की डकैती का मामला है। डकैत लखनऊ में पकडे़ गए थे। लखनऊ पुलिस ने आठ डकैतों से मात्र छह हजार रुपये ही बरामद कर सकी। ऐसे कई लोग हैं, जिनके यहां लाखों की चोरी हुई थी। लेकिन पुलिस हजारों रुपयों से कम ही बरामद कर पाई।
चोरी व डकैती की घटनाआें में बदमाश लोगों की जिंदगी भर की कमाई ले जाते हैं। बरामदगी की आस में पीड़ित थानों से लेकर अधिकारियों के चक्कर काटते रहे। लेकिन समय गुजरने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लंबे अरसे बाद पुलिस ने दो से तीन बदमाश पकड़े और कई चोरियों का खुलासा कर दिया। जिले में ऐसे कई लोग हैं, जिन्हें चोरी गया माल आज भी पूरा मिलने की आस है। अमर उजाला ने ऐसे कई पीड़ित लोगों से बात कर घटनाओं की जानकारी ली। ऐसे में लोगों के मन में माल न मिलने की कसक जरूर नजर आई।
बरामदगी में आती है पुलिस को परेशानी
अधिकारियों की मानें तो पुलिस ने ज्यादातर चोरियों का खुलासा कर मामलों को सुलझा दिया है। लेकिन ये जरूर है कि चोरों से चोरी के माल को बरामद करने में समस्या भी आई। क्योंकि, चोर चोरी किए गए जेवरातों को गला देते हैं। ऐसा कई मामलों में सामने आया है। पुलिस की तफ्तीश कई मामलाें में लगातार जारी है।
नंबर 1
थाना नवाबाद क्षेत्र के चंदा होटल के पीछे रहने वाले दवा कारोबारी अनिल दरगढ़ के घर बदमाशों ने जुलाई 2016 को डकैती डाली थी। डकैत घर से 40 लाख की ज्वैलरी और चार लाख रुपये ले गए थे। दो साल पहले लखनऊ से एक पुलिस अधिकारी ने फोन कर बताया कि आपके यहां हुई डकैती कांड के आठ बदमाश पकड़े गए हैं। उनसे छह हजार रुपये भी मिले हैं।
नंबर 2
मेडिकल कॉलेज में तैनात जनसंपर्क अधिकारी विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव के घर 27 मई 2016 को चोरी हुई थी। बदमाश यहां से पांच लाख के जेवरात, 60 हजार रुपये नकद व अन्य माल लेकर भाग निकले। पुलिस ने कई दिनों बाद केवल पायल, घड़ी, एक जंजीर, 45 हजार रुपये नकद व अन्य सामान ही बरामद कर सकी। बकाया माल आज भी पुलिस बरामद नहीं कर सकी।
नंबर 3
मिशन कंपाउंड निवासी कारोबारी संजय अग्रवाल के घर पर आठ साल पहले बदमाशों ने करीब 28 लाख की चोरी की थी। पुलिस केवल छह लाख का ही माल बरामद कर सकी। बकाया 23 लाख रुपये की बरामदगी आज तक नहीं हो सकी। पूरा माल बरामद कराने के लिए वह थानों से लेकर अधिकारियों के चक्कर-चक्कर काटते थक गए। आज भी उनको पुलिस से माल बरामद होने की पूरी आस है।
नंबर 4
थाना सीपरी बाजार अंतर्गत मिशन कंपाउंड निवासी सौरभ पहारिया के यहां भी चार पहले चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर यहां से हजारों रुपये का माल लेकर चले गए थे। घटना के बाद से पुलिस अब तक एक रुपये का माल बरामद नहीं कर सकी। अब वह भी आस छोड़ चुके हैं।
हर छोटी से बड़ी घटना को पुलिस गंभीरता से लेकर जांच करती है। कई मामलों में शत-प्रतिशत माल बरामद कर खुलासा कर चुकी है। अन्य मामलों में पुलिस की जांच जारी है। जल्द ही बरामदगी कर खुलासा किया जाएगा। विवेक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी