झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने कोरोना की दूसरी लहर में 430 मरीजों के इमरजेंसी ऑपरेशन किए। इनमें से 70 मरीज तो कोरोना संक्रमित थे। सबसे ज्यादा सर्जरी अस्थि रोग विभाग में हुई हैं।
कोरोना की दूसरी लहर देश भर में कहर बनकर टूटी। झांसी में सरकारी के साथ-साथ अधिकतर प्राइवेट हॉस्पिटलों को भी कोविड अस्पताल में तब्दील कर दिया गया। ऐसे में सामान्य बीमारियों के मरीजों को इलाज में दिक्कतें आईं। वहीं, इमरजेंसी सर्जरी कराने के लिए भी मरीजों को भटकना पड़ा। ऐसे समय में मेडिकल कॉलेज ने मरीजों को बड़ी राहत देने का काम किया। अप्रैल से जुलाई तक अस्पताल में मेडिकल कॉलेज में गंभीर स्थिति में पहुंच चुके 430 मरीजों की सर्जरी कर डाली। चूंकि, सर्जरी से पहले सभी मरीजों की कोविड जांच अनिवार्य है, ऐसे में 70 मरीज तो कोरोना संक्रमित ही थे। इसमें सबसे ज्यादा 35 कोरोना पॉजिटिव स्त्री रोग विभाग में मिले। इनमें अधिकतर गर्भवती महिलाओं की सर्जरी हुईं। इसके अलावा सर्जरी में 23 और ऑर्थोपेडिक विभाग में 12 संक्रमितों के ऑपरेशन किए गए।
ये हैं आंकड़े
विभाग सर्जरी
अस्थि रोग 160
सर्जरी 138
गायनी 132
मेडिकल कॉलेज में कोरोना की दूसरी लहर में अप्रैल से जुलाई तक 430 इमरजेंसी ऑपरेशन किए गए हैं। इनमें 70 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की भी सर्जरी हुईं। पूरे आंकड़े देखें तो सबसे ज्यादा ऑपरेशन अस्थि रोग विभाग ने किए। - डॉ. पारस गुप्ता, सहायक नोडल अधिकारी, कोविड।