झांसी। किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन में छूट का लाभ मिलेगा। कोरोना काल में बंद हुई सब्सिडी जारी करने के लिए ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दे दिए हैं। जिले साढ़े तीन सौ किसानों को इसका लाभ मिलेगा। प्रति किसान 68 हजार रुपये मिलेंगे।
बुंदेलखंड में अक्सर सूखा पड़ जाता है। इसलिए किसानों की माली हालत ठीक नहीं है। किसानों को सब्सिडी पर ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाते हैं, ताकि किसान आर्थिक रूप से समृद्ध हो सके। योजना के अंतर्गत ट्यूबवेल लगवाने में एक से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक खर्च हो जाते हैं। बदले में बिजली विभाग 68 हजार रुपये की छूट देता है। लेकिन, कोरोना के कारण सब्सिडी बंद कर दी गई थी। इस कारण किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा था।
पिछले दिनों विधानसभा सत्र के दौरान गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने इस मामले को सदन में रखा और मुख्यमंत्री को भी इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों ने आवेदन दिए हैं कि अब तक सब्सिडी नहीं मिल पाई है। बुंदेलखंड में अक्सर सूखा पड़ता है। पिछली बार भी बहुत कम पानी बरसा था, इस कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब है। उन्हें सब्सिडी का लाभ दिया जाए। इस पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने उनकी बात से सहमति जताते हुए सब्सिडी जारी कर दी। इसका लाभ साढ़े तीन सौ किसानों को मिलेगा।
शासन ने सब्सिडी जारी कर दी है, लेकिन सॉफ्टवेयर बहुत धीमा चल रहा है। इस कारण किसानों को लाभ मिलने में देरी हो रही है।
- जवाहर लाल राजपूत विधायक, गरौठा
सब्सिडी आ गई है। धीरे- धीरे किसानों के बैंक खाते में पैसा पहुंचाया जा रहा है।
- शैलेंद्र कटियार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण