झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण ने जिले में रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को 117 लोगों में इस महामारी का संक्रमण पाया गया। इनमें एक वर्ष से कम आयु के चार बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा तीन शिक्षण संस्थानों के 32 विद्यार्थी भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
रविवार को जिले में कोरोना के 4560 नमूनों की जांच हुई। इनमें से 117 में संक्रमण पाया गया। सीपरी बाजार स्थित नर्सिंग कॉलेज के दो विद्यार्थी कोरोना से ग्रसित मिले। जबकि, शनिवार को इसी संस्थान में सात संक्रमित पाए गए थे। इसके अलावा बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईईटी) के 13 तथा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 17 विद्यार्थी संक्रमित मिले। बबीना कैंट के एक ही परिवार के सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें दो बच्चे एक साल से कम आयु के हैं। इसके अलावा एक साल से कम आयु के दो अन्य बच्चे भी संक्रमित मिले।
इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 312 पर पहुंच गई है। इनमें से पांच मरीजों का मेडिकल कॉलेज व 19 का मिलिट्री हॉस्पिटल में इलाज जारी है। जबकि, 262 मरीज होम आईसोलेशन में हैं और 26 अन्य जनपदों के मरीज हैं।
सात माह बाद तिहाई का आंकड़ा पार
झांसी। कोरोना वायरस के एक ही दिन में मिले मरीजों की संख्या ने सात महीने बाद तिहाई का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले 23 मई 2021 को 5537 नमूनों की जांच में 143 मरीज एक ही दिन में सामने आए थे। मरीजों की संख्या में हो रही तेजी से बढ़ोत्तरी आने वाले समय के लिए खतरे की घंटी बजा रही है। संक्रमण से बचने के लिए सभी को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे उपाय अपनाने होंगे।