ग्वालियर लखनऊ के बीच नहीं चलेगी छपरा मेल
एक दिसंबर से 15 फरवरी तक के लिए ही आदेश
कोहरे के दौरान कुछ और ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
कोहरे के मद्देनजर ग्वालियर से बरौनी के मध्य चलने वाली छपरा मेल एक दिसंबर से 15 फरवरी के बीच ग्वालियर से लखनऊ के बीच नहीं चलेगी। जिनके यात्रियों आरक्षण हैं, उन्हें पूरा किराया वापस किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने कोहरे के मद्देनजर झांसी से गुजरने वाली साप्ताहिक गाड़ी संख्या 14309 उज्जैनी एक्सप्रेस का छह दिसंबर से 14 फरवरी तक और 14310 उज्जैनी एक्सप्रेस का पांच दिसंबर से 13 दिसंबर तक संचालन निरस्त रहेगा। झांसी से निजामुद्दीन के बीच चलने वाली 12279/12280 ताज एक्सप्रेस दिसंबर में 6,16,20,27, जनवरी में 3,10,17,24, 31 और फरवरी में सात तारीख को निरस्त रहेगी।
इसी तरह ग्वालियर से बरौनी के बीच चलने वाली छपरा मेल का संचालन एक दिसंबर से 15 फरवरी के बीच ग्वालियर से लखनऊ के बीच नहीं होगा। यह ट्रेन बरौनी से आने के बाद लखनऊ से ही वापस लौटकर चली जाएगी। इनमें बरौनी ग्वालियर छपरा मेल एक दिसंबर और ग्वालियर बरौनी छपरा मेल तीन दिसंबर से निरस्त रहेगी। मालूम हो कि, बुंदेलखंड के यात्री बड़ी संख्या में छपरा मेल से बिहार की तरफ यात्रा करते हैं। इस ट्रेन में यात्रियों को आसानी से कंफर्म टिकट मिल जाता है। ढाई महीने तक इस ट्रेन के निरस्त रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ना तय है।
13 घंटे देरी से आई राप्ती सागर एक्सप्रेस
कोहरा तो अभी नहीं बढ़ा है, लेकिन अभी से ट्रेनों का संचालन बिगड़ना शुरू हो गया है। मंगलवार को त्रिवेंद्रम सेंट्रल से गोरखपुर जाने वाली राप्ती सागर एक्सप्रेस 13 घंटे लेट झांसी आई। इसी तरह बरौनी- ग्वालियर मेल के सात घंटे देरी से आने के कारण यह गाड़ी ग्वालियर से चार घंटे देरी से रवाना हो सकी। इसके अलावा अमृतसर दादर एक्सप्रेस पांच घंटे, साबरमती एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस छह घंटे देरी से आई। बांदा पैसेंजर के देरी से आने के कारण यह गाड़ी झांसी से दो घंटे देरी से रवाना हो सकी। इससे छोटे स्टेशनों के लिए सफर करने वाले यात्री परेशान रहे।