झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार 2.0 बनते ही बेरोजगारों को रोजगार देने का प्लान तैयार कर लिया है। इसी क्रम में 100 दिन में रोजगार देने का भी वादा किया है। इससे मंडल के सवा लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी की आस बंधने लगी है। इसके लिए युवा दिन-रात मेहनत भी कर रहे हैं। इनमें एक बड़ी संख्या ऐसे युवकों की है जो सरकारी नौकरी के लिए पिछले कई साल से प्रयास कर रहे हैं।
मंडल में बेरोजगारी का आलम यह है कि झांसी में 56,153, ललितपुर में 34,120 और जालौन में 38,374 बेरोजगार सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत हैं। वहीं, बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए सेवायोजन कार्यालय, आईटीआई और अन्य संस्थानों के सहयोग से मेलों का भी आयोजन किया जा रहा है। उधर, मंडल में 121 कॅरियर काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 5480 बच्चों को भविष्य में उनके हुनर के अनुसार कॅरियर चुनने के विकल्प और मार्गदर्शन दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 100 दिन में 10 हजार लोगों को रोजगार देने के लिए अलग-अलग विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने छह माह और साल भर के हिसाब से नौकरियों का रोस्टर तैयार करने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, उन्होंने अधिकारियों को अधूरी पड़ी भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ यूपी सरकार द्वारा प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए कई प्राइवेट कंपनियों को भी आमंत्रण दे रहा है। जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों को रोजगार मिलेगा। बुंदेलखंड में बनने वाला डिफेंस कॉरिडोर भी युवाओं को रोजगार में अपनी अति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया में कम लेटलतीफी पर विचार-विमर्श करने के बात कही है।
मंडल में इतने हैं पंजीकृत बेरोजगार
झांसी 56,153
उरई 34,120
ललितपुर 38,374
कुल 1,28,647
16 अप्रैल से रोजगार मेले का रोस्टर तैयार किया जाएगा
झांसी। सेवायोजन कार्यालय, आईटीआई और अन्य संस्थानों के सहयोग से रोजगार मेले लगाए जाते हैं। इसी क्रम में 01 अप्रैल 2020 से 22 मार्च 2022 तक 19 रोजगार मेले लगाने का लक्ष्य था लेकिन कोरोनाकाल की वजह से महज 11 रोजगार मेले ही लगाए जा सके हैं। सेवायोजन कार्यालय की ओर से आगामी 16 अप्रैल से रोजगार मेले का रोस्टर तैयार किया जाएगा। जिसमें अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। वहीं, आईटीआई द्वारा 7, 21 व 28 अप्रैल को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बेरोजगार भाग ले सकते हैं। सेवायोजन कार्यालय द्वारा दो साल में पांच हजार लोगाें को रोजगार दिलाया गया है। अगले वित्तीय वर्ष में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक लोगों को रोजगार दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बेरोजगारों को शिक्षित करने और रोजगार दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए शासन के निर्देशानुसार लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। - राजकुमार शाक्य प्रधानाचार्र्य आईटीआई झांसी/ प्रभारी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय