थाना क्षेत्र बनेवरा गांव के बगीचे में रविवार सुबह सात बजे छत्तीसगढ़ से आए एक मजदूर का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संभावना जताई गई है कि मजदूर की मौत ठंड लगने से हुई है।
छत्तीसगढ़ के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जमड़ी निवासी जोगेश कोरवा (40) बनेवरा स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। ईंट भट्ठा मालिक देवेंद्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि जोगेश उनके भट्ठे पर मजदूरी करता था। करीब 15 दिन पहले उसकी पत्नी संगीता अपने घर चली गई थी। जोगेश यही रुककर इधर-उधर घूमता रहता था। रविवार सुबह अन्य मजदूरों से पता चला कि भट्ठे से कुछ दूरी पर जोगेश की मृत अवस्था में पड़ा है। संभावना जताई जा रही है कि उसकी मौत ठंड लगने से हुई है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। वहीं, इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि शव को देखने से प्रतीत होता है कि मजदूर की ठंड लगने से मौत हुई है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।