मीरगंज क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र जंघई में जलभराव होने से पिछले 20 घंटे से समूचे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गयी। जिससे नाराज होकर ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर पहुंच कर रोष जताया।
बारिश से बचाव की समुचित व्यवस्था न होने से विद्युत उपकेंद्र परिसर सहित फीडरों तक पानी पहुंच जाने से बिजली व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई है। जंघई बाजार निवासी नंदलाल गुप्ता व जंघई सेमरी प्रधान का कहना है कि जंघई त्रिमुहानी के पास व पीछे से पानी निकल जाता था तब जलभराव नहीं होता था, लेकिन कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लेने से पानी का निकास बंद हो गया हैं, जिससे पावर हाउस का समूचा परिसर पानी में डूबा है। जिससे कर्मचारियों को सड़क से आफिस तक पहुंचने के लिए घुटनों तक पानी से घुसना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से बिजली गुल है। ऊपर से अब क्षेत्र की बिजली ठप होने से उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। जिससे नाराज होकर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र पर पहुच रोष व्यक्त किया। उनका कहना रहा कि जिम्मेदार लोगों द्वारा समुचित व्यवस्था न होने के चलते उपभोक्ताओं को आए दिन विद्युत संकट से जूझना पड़ रहा हैं।