जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को खाद की दुकानों पर छापे की कार्रवाई कर जांच की। इस दौरान खाद की 17 दुकानों की जांच की गई। इस बीच जांच में दो दुकानों पर कमी मिलने पर संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई। टीम ने जांच के दौरान खाद के 11 नमूने भी लिए।
जिले में धान की फसल की रोपाई हो गई है। किसान धान की फसल में टापडेसिंग करने के लिए खाद खरीद रहे हैं। किसानों को खाद तय दाम पर मिले, इसके मद्देनजर डीएम ने प्रशासन और कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर छापे की कार्रवाई कर जांच का निर्देश दिया था। जिसके क्रम में जिला कृषि अधिकारी केके सिंह ने तीन टीमें गठित की। एक टीम उप कृषि निदेशक जयप्रकाश सहित एसडीएम सदर व केराकत, दूसरी टीम जिला कृषि अधिकारी सहित एसडीएम मछलीशहर व बदलापुर तथा तीसरी टीम भूमि संरक्षण अधिकारी सहित एसडीएम मड़ियाहूं की बनाई। सभी टीमों ने अपने -अपने तय क्षेत्रों में खाद की दुकानों पर छापे की कार्रवाई कर जांच की। जिसको लेकर खाद विक्रेताओं में हड़कंप मचा है। जिला कृषि अधिकारी केके सिंह का कहना है कि शासन व डीएम के निर्देश पर खाद की दुकानों पर छापे की कार्रवाई कर जांच की। इस दौरान कुल 17 दुकानों पर जांच की गई। जिसमें से दो दुकानों पर कमी मिलने पर फटकार लगाते हुए चेतावनी दी गई। साथ ही 11 नमूने लिए गए।