कृषि उत्पादन मंडी समिति के आजमगढ़ रोड स्थित कार्यालय में शराब के नशे में धुत कर्मचारियों का उत्पात मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने पर मंडी सचिव गुलाब सिंह ने इसे पुराना वीडियो बताते हुए जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 11 और 29 सेकेंड के दो वीडियो में मंडी सहायक अमरनाथ कुशवाहा खुद डांस करते हुए और कर्मचारियों को नचाने के लिए जबरदस्ती करते नजर आ रहे हैं। मंडी कार्यालय के अंदर छककर शराब का दौर चलने के बाद कर्मचारी डांस करते और अन्य कर्मचारियों को जबरन डांस कराते देखा जा सकता है। डांस करने से मना करने पर एक कर्मचारी को दो कर्मचारी घसीटते हुए दिख रहे हैं। विडियो में कुल सात कर्मचारी दिख रहे हैं। इस संबंध में मंडी सचिव गुलाब सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो काफी पुराना है। मामले की जांच की जा रही है। कार्यालय में इस तरह के कृत्य करने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।