थाना क्षेत्र के तिलवारी गांव के समीप बृहस्पतिवार को एक ट्रैक्टर और ट्राली 15 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। ट्रैक्टर के नीचे दब कर पल्लेदार की मौत हो गई। जबकि चालक फरार हो गया।
तिलवारी गांव निवासी ओमकार नाविक (45) ट्रैक्टर पर पल्लेदारी करता था। बृहस्पतिवार को वह रामनगर बाजार में सामान उतार कर वापस गांव आ रहा था। ट्रैक्टर उसका साथी चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर राजमार्ग से मुड़कर खड़ंजे पर उतरा तभी खड़जे की ईंट खिसक गई और ट्रैक्टर-ट्राली सहित लगभग 15 फिट गहरे गड्ढे में पलट गया। आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे तो चालक सुरक्षित था। जबकि ट्रैक्टर पर बैठा पल्लेदार नीचे दबा हुआ चीख रहा था। लोगों ने किसी तरह से उसे बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर लाया गया जहां कुछ देर बाद अचानक उसकी तबियत बिगड़ी और मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज लिया है। जबकि चालक मौके से फरार हो गया। तीन भाइयों में सबसे बड़े ओमकार नाविक पत्नी मीरा देवी और सात बच्चों के साथ अलग छप्पर में रहता। पति की मौत से मीरा रो रोकर बेहोश हो जा रही थी। वहीं बच्चों के रोने से पूरा माहौल गमगीन हो गया।