ठंड में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। मंगलवार को गौराबादशाहपुर इलाके में हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। वहीं, सरपतहां थाना क्षेत्र के जमौली मार्ग पर बुधवार की सुबह परचून की दुकान से चोरी किया गया सामान ठेले पर लादकर ले जा रहे चोर अचानक पुलिस को देख भाग गए। पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर छानबीन की तो पता चला कि सामान उसरौली गांव से ही रात में चोरी किया गया था। बरामद सामान की कीमत 50 हजार से ऊपर बताई जा रही है।
उपनिरीक्षक धुरंधर सिंह रात में गश्त कर भोर में थाने की तरफ लौट रहे थे। इस बीच जमौली-उसरौली मार्ग पर उन्हें सामने से दो ठेलों पर कुछ सामान लादकर कुछ लोग आते दिखे। अभी वे ठेले के पास पहुंचे भी नहीं थे कि ठेला लेकर जा रहे लोग सामान सहित उसे वहीं छोड़कर भाग गए। संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस बुलाकर सामान जिसमें साबुन, तेल, मसाला, रिफाइंड ऑयल, पत्तल आदि था, कब्जे में ले लिया और थाने लेकर चली गई। थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि उसरौली गांव में उमेश अग्रहरि की परचून की दुकान में चोरी हुई है। इसके बाद पीड़ित को थाने पर बुलाकर सामानों की पहचान कराई गई तो सारा सामान उसी का निकला। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
गौराबादशाहपुर: थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव में मंलगवार की रात अमित श्रीवास्तव के परिवार के लोग खाना खाकर सो गए। चोर रात में किसी समय घर के अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखा हुआ स्टेपलाइजर, 5 बोरी पशु आहार बैटरा समेत हजारों का माल पार कर दिया। सुबह होने पर पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी हुई। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष एलबी सिंह का कहना है कि सूचना मिली है। लेकिन, घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।