जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई और एक छात्रा समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घनश्यामपुर प्रतिनिधि के अनुसार, बदलापुर थाना क्षेत्र के कुशहा गांव निवासी अंकित मिश्रा (19) सोमवार की रात करीब 10 बजे वरुणा एक्सप्रेस से लखनऊ से वापस आ रहे अपने चाचा को रिसीव करने बाइक से बदलापुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ घनश्यामपुर निवासी उसका साथी रियाज (15) भी सवार था। दाउदपुर गांव के पास सामने से आ रही स्कार्पियो ने बाइक को चपेट में ले लिया। जिससे अंकित की मौके पर मौत हो गई। जबकि रियाज घायल हो गया। उसे वाराणसी के बीएचयू में भर्ती कराया गया है।
गौराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के बंजारेपुर गांव में हुए सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव निवासी रूपचन्द्र (24) मंगलवार की सुबह बाइक से गांव के ही रहने वाले अजित के साथ जौनपुर से आजमगढ़ की तरफ जा रहा था। बंजारेपुर गांव के पास ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। रुपचंद्र की मौके पर मौत हो गई। जबकि अजित घायल हो गया। पुलिस ने शव को प्रोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को अस्पताल पहुंचाया। चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
मछलीशहर प्रतिनिधि के मुताबिक, कोतवाली के जमालपुर गांव के निकट दो मोटर सायकिल की आमने सामने टक्कर में सड़क पार कर रही छात्रा लक्ष्मी कनौजिया (16) निवासी जमालापुर गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुजानगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कस्बे में राष्ट्रीय इंटर कालेज के समीप मंगलवार को एक छात्रा को बचाने के चक्कर में गिट्टी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक खलासी दोनों को मामूली चोट आई है।
बक्शा प्रतिनिधि के मुताबिक धनियामऊ पुलिस चौकी के निकट मंगलवार की शाम सरोखनपुर निवासी राजकुमार सरोज (32) महराजगंज के चारो गांव निवासी शंकर सरोज (45), राजबली सरोज (30) एक ही बाइक से जौनपुर से बदलापुर की ओर जा रहे थे। बाइक राजबली चला रहा था। धनियांमऊ पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे तभी ट्रक की चपेट में आने से राजकुमार सरोज की मौके पर मौत हो गई। जबकि शंकर और राजबली घायल हो गए। उधर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कालेज के पास बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार घायल हो गया।