जौनपुर। तेज धूप के साथ पारा चढ़ने लगा है। अब दोपहर में लोगों को धूप सताने लगी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 रहा। सुबह से धूप का असर तेज रहने के कारण दोपहर में बाजार में सन्नाटा रहा।
जिला अस्पताल की ओपीडी में भी काफी भीड़ रही। सुबह ओपीडी शुरू होते ही पर्ची बनवाने के लिए लोगों की कतार लग गई। कुल 941 मरीजों ने काउंटर पर पर्ची कटाकर अपना इलाज कराया। ज्यादातर मरीज बुखार के आ रहे हैं। विगत दो दिनों से तापमान 40 और 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में पारा और बढ़ेगा, इसके साथ ही गर्मी में और तेजी आएगी। सरकारी अस्पताल के साथ ही निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को हवा भी चल रही थी लेकिन तेज धूप के आगे हवा बेअसर रही। सोमवार को भी दोपहर में धूप इतनी तेज रही कि लोग दुकानों और पेड़ के नीचे धूप से बचने की कोशिश करते रहे। दिन में बाजारों में भी भीड़ काफी कम रही।
मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। ऐसे में सभी को स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहने की जरूरत है। पेट दर्द, बुखार, डीहाइड्रेशन की समस्या खड़ी हो सकती है। लोगों को बचाव करने की जरूरत है। - डा. राजीव कुमार यादव, एसीएमओ जौनपुर