उप जिलाधिकारी केके मिश्र ने कहा कि बार और बेंच में सामंजस्य स्थापित होने में ही वादकारियों का हित है। बार और बेंच एक दूसरे का सम्मान करें तो कभी कोई समस्या पैदा नहीं होगी।
बुधवार को बार एसोसिएशन केराकत की तरफ से आयोजित परिचय समारोह में उप जिलाधिकारी ने कहा कि हम एक रसोईं के बर्तन हैं। खटपट होना स्वाभाविक है, लेकिन कहीं जाने अनजाने में कोई गलती हो भी जाए तो उस गलती को स्वीकार कर उसे का सुधार कर लेना भी बड़ी बात होती है। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसीलदार व उपजिलाधिकारी न्यायालयों में लंबित विभिन्न मुकदमों का जल्द निस्तारण करने की मांग की। साथ ही ग्राम पचवर में प्रस्तावित ग्राम न्यायालय की स्थापना तहसील मुख्यालय पर ही कराने की भी मांग की। इस अवसर पर तहसीलदार राम सुधार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजमणी यादव, मंत्री मुकेश शुक्ल, शारदा प्रसाद यादव, अशोक कुमार, रजनी कांत श्रीवास्तव, पुनीत श्रीवास्तव, हिरेन्द्र यादव, राजेश पांडेय आदि उपस्थित रहे। संचालन नम:नाथ शर्मा ने किया।