जौनपुर। जिला कारागार के सभी कैमरे खराब पड़े हैं। कई हार्डकोर बंदियों वाले इस जेल में अगर कोई अप्रिय वारदात हो गई तो निगरानी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी कमजोर पड़ जाएगी। जेल प्रशासन ने खराब कैमरों को बनवाने के लिए इस्टीमेट बनाकर भेजने का दावा किया है, लेकिन कैमरे खराब होने के बाद लगभग दो महीने का लंबा अंतराल गुजर चुका है।
जिला जेल की निगरानी के लिए अंदर और बाहर मिलाकर कुल 30 कैमरे लगाए गए थे। अंदर 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जबकि बाहर छह कैमरे लगाए गए हैं। गत चार जून को जेल में हुए बंदियों के बवाल के दौरान अंदर के सभी कैमरे क्षतिग्रस्त हो गए थे। दो माह का समय गुजरने के बाद भी कैमरों को दुरुस्त नहीं किया गया। जेल प्रशासन ने इस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। जेलर राजकुमार का कहना है स्टीमेट तैयार कर भेजा गया है। जल्द ही सभी कैमरे चालू हो जाएंगे। गौरतलब है कि जिला जेल की क्षमता 320 बंदियों की है। लेकिन, मौजूदा समय में यहां 1200 से अधिक बंदी हैं। इनमें कई सजायाफ्ता भी शामिल हैं।