बदलापुर-सुजानगंज मार्ग पर बखोपुर गांव में सई नदी पर स्थित धीरदास पुल से रविवार को एक अज्ञात किशोरी ने छलांग लगा दी। आसपास मौजूद चरवाहों ने नदी में खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस भी नदी में किशोरी का पता लगाने में जुटी है।
रविवार को सुबह बदलापुर की तरफ से एक किशोरी काले रंग की जींस और काले रंग की टी शर्ट पहनकर पैदल ही पुल पर आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले एक दो बार पुल का चक्कर लगाया। उसके बाद मोबाइल नदी में फेंक दी। तत्पश्चात चप्पल निकालकर नदी में कूद पड़ी। आसपास मौजूद चरवाहों ने जब कूदते देखा तो तीन युवक बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। काफी खोजबीन करने के बाद भी पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि किशोरी के कूदने की सूचना पर नदी में उसकी तलाश कराई जा रही है।