मीरगंज। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कला ग्राम पंचायत के ककराही बस्ती में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए किशोर की दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई। घटना शुक्रवार की रात आठ बजे की हैं।
रामपुर कला ग्राम पंचायत के ककराही बस्ती में एक तेरहवीं का कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए रामपुर कला गांव के विजय प्रताप का 14 वर्षीय बेटा अभय प्रताप भी गया था। बताते हैं कि खाना खाने के लिए लोग बैठ रहे थे कि कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। हालांकि आसपास के लोग भाग खडे़ हुए। लेकिन, अभय प्रताप दीवार के मलबे की चपेट में आ कर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार और मौजूद लोग उसे लेकर आनन-फानन में उपचार के लिए मछलीशहर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मछलीशहर प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।