01- फीस वृद्धि के विरोध में टीडी कालेज के प्राचार्य कार्यालय के सामने धरने पर बैठे छात्र।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। टीडी कॉलेज में चालू सत्र में शुल्क वृद्धि के विरोध में छात्र नेताओं ने कॉलेज ग़ेट पर प्रदर्शन किया। कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बढ़ी हुई फीस को वापस लेने की मांग की। इस दौरान प्राचार्य और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। छात्रों ने बिना आदेश के ही शुल्क वृद्धि करने का आरोप लगाया।
टीडी पीजी कॉलेज में बीएससी कृषि की सेमेस्टर शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को महाविद्यालय प्रशासन और छात्र नेता आमने सामने हो गए। छात्र नेताओं का आरोप है कि बिना विवि की संस्तुति के ही महाविद्यालय में शुल्क वृद्धि कर दी गई है। कुछ छात्रों से शुल्क जमा भी कराया जा चुका है। छात्र नेता उद्देश्य सिंह व कौतुक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रों का प्रतिनिधिमंडल महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज सिंह से मिलने कार्यालय में पहुंचा। प्राचार्य को पत्रक सौंपकर शुल्क वृद्धि करने की जानकारी चाही। जानकारी न मिलने पर छात्र नेता प्राचार्य कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद मुख्य अनुशास्ता डॉ. राजीव रतन सिंह ने छात्र नेताओं को समझा बुझाकर प्राचार्य को ज्ञापन दिलवाया। प्राचार्य डॉ. सरोज सिंह ने कहा कि शुल्क वृद्धि का निर्णय एक माह पूर्व बैठक कर लिया गया था। अभी छात्रों से शुल्क जमा नहीं कराया गया है। शिक्षकों की बैठक कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद छात्र नेता शांत हुए। छात्र नेता उद्देश्य सिंह और कौतुक उपाध्याय ने कहा कि अगर बढ़ी हुई फीस को वापस नहीं लिया गया तो तालाबंदी की जाएगी। महाविद्यालय ने दोगुना शुल्क वृद्धि करके अन्याय किया है। कॉलेज प्रशासन को इसका जवाब देना होगा। प्रदर्शन में रक्षित प्रताप सिंह, ओम पांडेय, सौरभ यादव, रवि विश्वकर्मा, सिद्धार्थ, विपिन कुमार आदि शामिल रहे।