युवा कल्याण एवं प्राविधिक विकास दल के तत्वाधान में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बृहस्पतिवार को एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से लोकगीत, लोकनृत्य, वादन आदि में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में लोक नृत्य में विकास खंड सिरकोनी की प्रज्ञा सिंह की टीम को प्रथम स्थान मिला। जलालपुर की प्रीति यादव की टीम को द्वितीय एवं विकास खंड शाहगंज के प्रदीप यादव की टीम को तीसरा स्थान मिला। लोकगीत में विकास खंड डोभी के सुधीर गौतम एवं साथी को प्रथम, करंजाकला के जीतू लाल एवं साथी को द्वितीय एवं धर्मापुर के बृजेश कुमार एवं साथी को तीसरा स्थान मिला। गिटार वादन में विकास खंड सिरकोनी के सुजीत कुमार को प्रथम, विकास सिंह को द्वितीय, हारमोनियम में विकास खंड धर्मापुर के बृजेश गौतम को प्रथम, तबला में सदर के अभय नंदन पांडेय को प्रथम स्थान एवं आदित्य मिश्रा को द्वितीय स्थान मिला। विजेता कलाकारों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन जफराबाद के विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने रवि किशन, मनोज तिवारी और नीरज चोपड़ा का उदाहरण देकर कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र में रहें, पूरी लगन से कार्य कर करें, सफलता अवश्य मिलेगी। युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।