यूरिया की किल्लत को देखते हुए बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन ने खाद की तीन दुकानों पर छापे की कार्रवाई कर जांच की। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर दो दुकानों को सील कर दिया गया। छापे की खबर मिलते ही खाद के अन्य दुकानदार शटर गिराकर फरार हो गए।
एसडीएम संजय मिश्रा, तहसीलदार मृदुला दुबे, सहायक विकास अधिकारी कृषि सतईराम तथा राजस्व निरीक्षक अनिल तिवारी ने पुलिस बल के सहयोग से खाद की दुकानों पर छापे की कार्रवाई कर जांच की। टीम ने सबसे पहले सब्जी मंडी के बगल स्थित एक दुकान पर पहुंच कर जांच की। इस दौरान 26 बोरी जेपी चांद छाप यूरिया का स्टाक मिला। टीम ने प्रोपराइटर से स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर तथा पीओएस मशीन दिखाने को कहा, किंतु दुकान पर न तो स्टॉक रजिस्टर मिला और न ही वितरण रजिस्टर। पीओएस मशीन भी सही नहीं मिली। इस पर एसडीएम ने अगले आदेश तक के लिए दुकान को सील कर दिया। इसी तरह घनश्यामपुर रोड स्थित एक खाद की दुकान पर छापे की कार्रवाई कर जांच की गई। यहां 118 बोरी यूरिया मिली। पीओएस मशीन सही मिलने पर एसडीएम ने छोड़ दिया। इसके बाद क्षेत्र के सिंगरामऊ स्थित एक दुकान पर छापे की कार्रवाई की जानी थी लेकिन दुकान मालिक एसडीएम की गाड़ी देख दुकान बंद कर भाग गया। इससे नाराज एसडीएम संजय मिश्रा ने उस दुकान पर भी ताला लगाकर सील कर दिया।