खुटहन। बीरमपुर गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माणाधीन भवन में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्य रोकवाकर प्रदर्शन किया।
गांव में लगभग पखवाड़ा पूर्व एक कार्यदायी संस्था के द्वारा सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। नींव खोदने के बाद जब चिनाई शुरू हुई तो मौके पर तमाम ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों का आरोप है कि ईंट दोयम दर्जे और मोटी बालू की जगह गोमती नदी से निकली देसी बालू का प्रयोग किया जा रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने भवन निर्माण का काम रोकवा दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान राजू यादव, संतोष मिश्र, संतोष तिवारी, गोलू यादव, नेता यादव आदि ने कहा कि भवन की गुणवत्ता व मजबूती के लिए निर्धारित मानक के हिसाब से सामग्री का प्रयोग किया जाना चाहिए। अन्यथा काम नहीं होने दिया जाएगा।