मरुधर एक्सप्रेस में बम मिलने की सूचना पर चेकिंग करती डाग स्क्वायड टीम।
- फोटो : JAUNPUR
वाराणसी के कैंट स्टेशन से जोधपुर जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस में बम की सूचना पर बुधवार शाम आरपीएफ और जीआरपी परेशान रही। पहले वाराणसी के बाबतपुर स्टेशन और बाद में जौनपुर स्टेशन में ट्रेन की सभी बोगियों को खंगाला गया।
डायल-112 मुख्यालय से शाम को वाराणसी में लंका थाने के इंस्पेक्टर को सूचना मिली कि मरुधर एक्सप्रेस संख्या 14853 में बम है। इंस्पेक्टर ने उच्चाधिकारियों को सूचना से अवगत कराते हुए रेलवे कंट्रोल को जानकारी दी। प्रधानमंत्री के काशी आगमन की पूर्व संध्या पर बम की सूचना मिलते ही कमिश्नरेट और जीआरपी-आरपीएफ सहित रेलवे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। तब तक कैंट से ट्रेन रवाना हो चुकी थी, उसे बाबतपुर स्टेशन पर रोका गया और जीआरपी व आरपीएफ की टीम सहित स्थानीय पुलिस ने कई चक्र में पूरी ट्रेन की चेकिंग की। इसके बाद जौनपुर स्टेशन पर देर शाम सवा सात बजे मरुधर एक्सप्रेस के पहुंचते ही ट्रेन को रेलवे सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने घेरे में ले लिया। बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वॉड के साथ पुलिस ने एक घंटे से अधिक समय तक तलाशी ली। हालांकि शिकायत झूठी निकली, जिसके बाद अधिकारियों और जवानों ने राहत की सांस ली। जांच के दौरान यात्री भी सहमे रहे। जांच मुकम्मल होने के बाद ट्रेन को जोधपुर के लिए रवाना किया गया।
कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर आनंद शर्मा ने बताया कि फर्जी बम की सूचना पर ट्रेन की जांच की गई।लंका इंस्पेक्टर को किसी ने एक कोच के अंदर बोरी में संदिग्ध वस्तु (बम) होने की सूचना बम की सूचना दी थी। जौनपुर के सीओ सिटी जितेंद्र दुबे के अनुसार स्टेशन पर एक घंटे तक ट्रेन की छानबीन की गई। इस दौरान कोई भी प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली।