जौनपुर। जिला महिला चिकित्सालय में रविवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) रजनीश राय तथा सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह ने फीता काटकर पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत की। पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर पोलियो बूथ का उद्घाटन किया। जिले के 1958 पोलियो बूथों पर दवा पिलाई गई। अभियान की शुरुआत पोलियो रविवार दिवस के रूप में हुई।
सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सघन पल्स पोलियो अभियान 20 मार्च से शुरू होकर 25 मार्च तक चलाया जाएगा। तीन सदस्यीय पोलियो की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इस कार्य के लिए जनपद में कुल 1241 टीमें बनाई गई हैं। जिन घरों के बच्चे बाहर गए होंगे उन घरों पर बी टीम 28 मार्च को पल्स पोलियो अभियान चलाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद में पांच वर्ष तक के कुल 6,72,209 बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 21 से 25 मार्च के दौरान पोलियो टीमें 7,37,996 परिवारों का भ्रमण कर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह तथा डीआईओ डा. नरेंद्र सिंह ने जनपदवासियों से अपने पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील की। उद्घाटन के अवसर पर एसीएमओ डा. राजीव कुमार, सीएमएस जिला महिला अस्पताल डा. तवस्सुम, सीएमएस जिला पुरुष अस्पताल डा. एके शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डा. संदीप सिंह, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सर्विलांस मेडिकल आफिसर (एसएमओ) डा. अभिजीत जोशे, यूनीसेफ की जिला मोबलाइजेशन कोआर्डिनेटर गुरदीप कौर, बलवंत सिंह, वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर शेख अबजाद, अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर प्रवीण पाठक मौजूद रहे।