जौनपुर में पुलिस की पशु तस्करों से मुठभेड़
- फोटो : फाइल फोटो
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रविवार रात पुलिस की पशु तस्करों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से एक तस्कर घायल हो गया। वहीं एक सिपाही की बांह को छूती हुई गोली निकली। दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मुठभेड़ में चार तस्कर गिरफ्तार हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि चार तस्करों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उनके कब्जे से एक ट्रक में 24 गोवंश व एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।
खेतासराय थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि रविवार रात मुखबिर से सूचना मिली एक ट्रक में प्रतिबंधित गोवंश लदे हैं। उन्हें तस्कर बिहार ले जाने वाले हैं। ट्रक खुटहन की तरफ से खेतासराय आ रहा है। इस पर पुलिस ने कलापुर मोड़ पर चेकिंग शुरू कर दी। पशु तस्करी की आशंका पर पुलिस ने एक ट्रक को रुकने का इशारा किया। चालक ट्रक लेकर भागने लगा। तब पुलिस ने घेरेबंदी शुरू कर दी।
इसपर तस्करों ने फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस की गोली एक तस्कर को लगी जिससे वह घायल हो गया। वहीं तस्करों की गोली सिपाही छट्ठू यादव की बांह को छूती निकली। घायल तस्कर की पहचान अखिलेश यादव पुत्र रामबचन यादव निवासी कोहड़ा थाना शाहगंज के रूप में हुई है।