जौनपुर। महराजगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम चेंकिग के दौरान कार सवार दो अंतर जनपदीय बदमाश रंगा और बिल्ला को गिरफ्तार किया है। दोनों सगे भाई हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष रमेश कुमार हमराहियों के साथ करीब छह बजे क्षेत्र के बिझवट नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध मारुति सुजुकी कार आती दिखी। रुकने का संकेत देने पर कार सवार और तेज गति से भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सगे भाई शुभम सिंह उर्फ बिल्ला व अनुपम सिंह उर्फ रंगा निवासी गांव एकहुआ थाना सुजानगंज हैं। बदमाशों के पास से 315 बोर का एक-एक तमंचा व कारतूस मिले। प्रतापगढ़ और जौनपुर के थानों में रंगा पर नौ और बिल्ला पर 11 मुकदमे दर्ज हैं।