प्रधानमंत्री ने कहा कि आपका (दिनेश) का काम प्रसंसनीय है। आप परिवार की चिंता छोड़कर देश और समाज के लिए काम कर रहे हैं। लाखों लोगों का जीवन बचा रहे हैं। कोरोना के समय आपकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। आप जैसे लोग पूरे निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश की सेवा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने दिनेश के परिवार और बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मन की बात के बाद दिनेश ने बताया कि यह उनके जीवन का स्वर्णिम पल था। अब तक के काम का यह सबसे बड़ा इनाम है। दिनेश के परिवार और गांव के लोग भी गदगद हैं।
जौनपुर जिले के हसनपुर जमुआ गांव के मूल निवासी दिनेश कुमार उपाध्याय (48) को जब रविवार को मोबाइल पर फोन आया और उधर से गंभीर आवाज आई मैं नरेंद्र मोदी बोल रहा हूं, आप कैसे हो तो उन्हें विश्वास ही नहीं हो पा रहा था कि उनकी बात देश के प्रधानमंत्री से हो रही है। 10-15 सेकेंड तक वे निशब्द हो गए। फिर से उधर से आवाज आई तो उन्हें विश्वास हुआ कि देश के प्रधानमंत्री फोन पर हैं।
उन्होंने अमर उजाला से फोन पर बात करते हुए बताया कि यह मेरे जीवन का अविस्मरणीय पल था। जिस सहज व सरल भाषा मे मोदी जी उनसे बात किए वह मेरे लिए अविश्वसनीय हो रहा था। मुझे अपने देश के प्रधानमंत्री पर गर्व है।
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब दिनेश से अपने बारे में बताने को कहा तो उन्होंने अपने जिले की जानकारी दी। जौनपुर का नाम सुनकर पीएम ने जब उनसे पूछा कि यूपी से हैं तो बड़ी खुशी के साथ दिनेश ने जवाब दिया कि ‘जी हां मैं यूपी से हूं’।
पीएम ने दिनेश से कहा कि ‘मुझे बहुत अच्छा लगा और देश को भी लगेगा कि कैसे-कैसे किस प्रकार से लोग कोरोना की दूसरी लहर को हराने के लिए काम कर रहे हैं। आप नौ-नौ महीने तक अपने बच्चों से नहीं मिल रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि लोगों की जान बच जाए। जब यह देश सुनेगा तो गर्व होगा।’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- मन की बात कार्यक्रम में लिक्विड ऑक्सीजन का टैंकर चलाने वाले जौनपुर निवासी दिनेश उपाध्याय से प्रेरणादायी संवाद करने पर प्रधानमंत्री जी का आभार। लाखों लोगों का जीवन बचाने वाले दिनेश जी पर उत्तर प्रदेश को गर्व है।
डीएम जौनपुर मनीष कुमार वर्मा ने कहा- दिनेश उपाध्याय जिले के गौरव हैं। दिनेश की सेवा ने देश में ही नहीं दुनियाभर में जौनपुर जिले को सम्मान दिलाया है। बीमारी में उनके सेवा भाव से बड़ी संख्या में लोगों को जीवन मिला है, जो प्रेरणा देने वाला है। उनसे प्रेरणा लेते हुए जिस भी क्षेत्र में हैं, वहां कोरोना की लड़ाई जीतने में पूरा सहयोग करें। पीएम के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जौनपुर का सम्मान बढ़ने से जिले के लोगों में खुशी है।