दीपावली के बाद से सब्जी के दाम में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। इस समय मटर फुटकर में सौ रुपये प्रति किलो बिक रही है जबकि टमाटर का दाम 80 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। ऐसे में सब्जी की दुकान पर पहुंचने पर खरीदारी करने से पहले लोग सोचने को विवश हो जा रहे हैं।
सब्जी विक्रेता संजय सोनकर का कहना है कि इस समय सब्जी के दाम काफी बढ़ गए हैं। इसे देखते हुए वह कम ही सब्जी अपनी दुकान पर रख रहे हैं। बोड़ा थोक में पहले 60 रुपये मिल जाता था, लेकिन इस समय सौ रुपये किलो मिल रहा है। टमाटर एक सप्ताह पहले तक फुटकर में 60 रुपये किलो तक पहुंच गया था, लेकिन अब 80 रुपये किलो बिक रहा है। लौकी 40, कद्दू 50 रुपये किलो के हिसाब से फुटकर में बिक रहा है। सब्जी विक्रेता नेबू लाल का कहना है कि इस समय नेनुआ 50 रुपये किलो फुटकर में बिक रहा है, जबकि एक सप्ताह पहले यह 35-40 रुपये किलो बिक रहा था। हालांकि कुछ सब्जी के दाम कम भी हुए हैं। एक सप्ताह पहले मिर्चा 60 रुपये किलो बिकता था, जो 40 रुपये किलो है। इसके अलावा 30-35 रुपये किलो बिकने वाला शिमला मिर्च 25 रुपये में बिक रहा है, जबकि 125 रुपये में बिकने वाली मटर इस समय सौ रुपये किलो पर आ गई है। पालक का दाम भी 60 से 40, प्याज 40 से 30, गाजर 80 से 60 रुपये किलो पर आ गया है। हालांकि हरी धनिया पहले 20 रुपये में सौ ग्राम मिल रही थी, जो अब 20 रुपये पाव मिल रही है। बैगन (लंबा) 40, बैगन (गोला) 60 और खीरा पहले की तरह इस समय भी 60 रुपये किलो ही बिक रहा है। बसंतू बताते हैं कि आलू का दाम भी एक सप्ताह से कम हो गया है। पहले 24 रुपये में पुरानी सफेद आलू बिकती थी, जो 20 रुपये किलो बिक रही है। इसी तरह लाल आलू 30 रुपये की जगह 25 और नई आलू 40 रुपये के स्थान पर अब 30 रुपये प्रति किलो बिक रही है।