जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन में मंगलवार रात करीब साढ़े बारह बजे कार सवार बदमाशों ने एक डीसीएम को लूट लिया। इस डीसीएम में एक कंपनी के टावर की पांच बैट्रियां थी, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर डेढ़ घंटे में ही तेजीबाजार चौकी क्षेत्र में हिलाली के पास से उसे बरामद कर लिया। देर शाम बक्शा थाने में चालक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सुल्तानपुर के चांदा निवासी राज नारायण तिवारी ने अपनी डीसीएम ट्रक में वाराणसी से एक कंपनी के टावर की पांच बैट्री मंगलवार की शाम को लादी। चालक के मुताबिक एक बैट्री की कीमत 20 लाख रुपये थे। इस बैट्री को राज नारायण बुधवार को लखनऊ पहुंचाते। लेकिन, रात 12:30 बजे जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन के बाद कार सवार चार बदमाशों ने गाड़ी को ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। इसके बाद पिस्टल सटाकर पूरे ट्रक को ही अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही चालक राज नारायण को कार में बैठा लिया। पीड़ित के मुताबिक मुताबिक बदमाश ट्रक लखनऊ की ही ओर लेकर जाने लगे। रात में करीब एक बजे बक्शा थाना क्षेत्र के शंभूगंज के पास कार सवार बदमाशों ने राज नारायण को धकेल दिया और तेजी बाजार मार्ग पर गाड़ी लेकर निकल गए। सड़क पर गिरकर घायल हुए राम नारायण तिवारी ने समीप के बस्ती में जाकर लोगों की मदद से घटना की जानकारी 112 नंबर पर दी। सूचना पर बक्शा, महराजगंज, बदलापुर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश रात डेढ़ बजे हिलाली के पास बैट्री सहित ट्रक छोड़कर फरार हो गए। ऐसे में पुलिस ने ट्रक और बैट्री को अपने कब्जे में लेकर थाने आई। इस संबंध में बक्शा थानाध्यक्ष विनोद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।