नेवढ़िया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर बाजार में बुधवार की शाम करीब 6 बजे सब्जी लेने आने वृद्ध की पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया।
जयसिंहपुर गांव निवासी बंशराज सरोज (70) शाम करीब 6 बजे सब्जी लेने जयसिंहपुर बाजार गए थे। चौराहे पर वह सब्जी ले रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप चालक अपनी गाड़ी बैक कर रहा था, जिसकी वे चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। वही, सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।