जौनपुर। जनपद में शुक्रवार को कोरोना वैक्सीनेशन के लिए मेगा कैंप का आयोजन 296 स्थानों पर किया गया। इनमें 210 गांवों और 93 स्वास्थ्य इकाइयों पर 303 टीमों के माध्यम से मेगा वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। इसके माध्यम से जनपद को एक दिन में टीकाकरण कराने के लिए मिले लक्ष्य 42,000 के सापेक्ष 77,327 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी करने के बाद जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ नरेंद्र सिंह सुबह से लेकर शाम तक टीकाकरण की मानीटरिंग में स्वयं लगे रहे।
मेगा टीकाकरण अभियान के तहत हर ब्लाक से 10-10 गांवों में टीकाकरण कराया गया। अभी तक जिले में 14,64,747 टीके की डोज लगाई जा चुकी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ नरेंद्र सिंह ने बताया - शुक्रवार को जिले में 18 से 44 वर्ष की उम्र के 51,089 लोगों को कोविड-19 का टीका लगा । इस दौरान 45 से 60 वर्ष की उम्र के 17,661 लोगों ने टीका लगवाया, जिसमें से 15,995 लोगों ने पहली डोज तथा 1,666 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। 60 वर्ष से अधिक उम्र के 8,577 लोगों को टीका लगा, जिसमें से 7,603 लोगों को पहली डोज तथा 974 लोगों को दूसरी डोज लगी। इस तरह से शुक्रवार को 77,327 लोगों का टीकाकरण हुआ जिसमें से 73,925 लोगों को पहली डोज और 3,402 लोगों को दूसरी डोज लगी। जिले में अभी तक 14,64,747 टीके की खुराक लग चुकी है जिसमें से 12,47,752 को पहली डोज तथा 2,16,995 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।