घटना के बारे में बताते आभूषण व्यवसायी के भाई
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के मीरगंज से तगादा करके लौट रहे सुजानगंज के आभूषण व्यवसायी को सोमवार को शाम 3.30 बजे के करीब एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले गोली मारी फिर ईंट से सिर पर वार किया और व्यवसायी का बैग लेकर फरार हो गए। घायल को पहले मछलीशहर सीएचसी ले जाया गया जहां हालत गंभीर देखते उसे चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां से हालत गंभीर देख बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह है पूरा मामला
घायल व्यवसायी के बड़े भाई सुनील ने बताया कि सुशील कुमार अपने सहयोगी और ड्राइवर के साथ अपनी कार से मीरगंज बाजार से तगादा व माल सप्लाई करके लौट रहा था। सोमवार दोपहर 3.30 बजे बंधवा बाजार जमालापुर मार्ग पर रामगढ़ इंटर कॉलेज के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पहले पथराव करके गाड़ी रोक दी। इसके बाद सुशील को गोली मारकर व ईंट से सिर पर वार कर छिनैती करके बरसठी की तरफ भाग गए।