जौनपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय में एमबीए में दाखिला शुरू हो गया है। पूविवि इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डा. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि स्नातकोत्तर प्रबंध शास्त्र (एमबीए) में जुलाई सत्र के लिए दूरस्थ एवं ऑनलाइन प्रवेश लिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर क्लिक कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
यूजीसी की अधिसूचना के अनुसार कोई भी अभ्यर्थी अब दो पाठ्यक्रम में एक साथ नामांकन करा सकता है। ऐसे लोग जो रोजगार में हैं या किसी कारण से नियमित अध्ययन कर पाने में असमर्थ हैं। उनके लिए इग्नू उच्च शिक्षा में अध्ययन का एक अवसर प्रदान करता है। इग्नू के प्रसिद्ध रोजगारपरक कार्यक्रम मास्टर इन बिजिनेस एडमिनिस्ट्रेशन एवं मास्टर ऑ़फ कम्प्यूटर एप्लीकेशन को इग्नू द्वारा वर्तमान परिप्रेक्ष्य की चुनौतियों को दृष्टिगत करते हुए संशोधित कर दिया गया है। टीडी कालेज के समन्वयक डा. अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि कोई भी जिसने 50 प्रतिशत के साथ स्नातक परीक्षा पास की हो, सीधे प्रवेश ले सकते हैं। शिक्षार्थियों को विश्व स्तरीय अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।