जौनपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना टीकाकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आशा, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं कोटेदारों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि कोविड टीकाकरण में सोमवार तक प्रथम डोज लगवाने वाले व्यक्ति की संख्या 2702660 है और द्वितीय डोज लगवाने वालों की संख्या 1458699 है। इस दौरान कुल 4161359 लोगों को कोरोना टीका लगाया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जनपद में 16 जनवरी से कोविड टीकाकरण की शुरूआत की गई थी। जिले में 93 हेल्थ फैसिलिटी में प्रतिदिन कोविड टीकाकरण किया जा रहा है। घर-घर कोविड टीकाकरण अभियान 459 टीकाकरण टीमों की ओर से प्रतिदिन कराया जा रहा। 31 दिसम्बर तक 90 प्रतिशत प्रथम डोज एवं 50 प्रतिशत द्वितीय डोज वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। टोटल डोज टीकाकरण में जनपद स्टेट में पांचवे स्थान पर है। डीएम ने जनपद वासियों से अपील की कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग अपना कोविड टीकाकरण शीघ्रता से करा लें और द्वितीय डोज जिनका ड्यू डेट आ गया है। वे तुर3त दूसरी डोज प्राप्त कर लें, जिससे तीसरे लहर से सुरक्षित हो सके। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह, मलेरिया अधिकारी बीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।