पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में गहराए बिजली संकट को लेकर पूर्व ऊर्जा मंत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने बिजली की उपलब्धता को लेकर भाजपा सरकार को पूरी तरह से फेल बताया है। कहा कि यदि सरकार कोयले का भुगतान समय पर करती तो आज यह परेशानी नहीं होती।
सपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि कहा है कि सपा सरकार में कोयले का समय पर भुगतान होता था। इससे कभी भी कोयले की कमी नहीं हुई। समाजवादी पार्टी की सरकार का प्रबंधन इतना मजबूत था कि बिजली की कमी होना तो दूर, उनके शासन में बिजली सरप्लस रहती थी। वर्तमान सरकार ने बिजली का स्थायी शुल्क और चार्ज बढ़ाकर लोगों पर भारी बोझ डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय लोगों को 24 घंटे बिजली मिल रही थी, लेकिन आज भीषण कटौती से हाहाकार मचा हुआ है। वर्तमान सरकार में आम लोग बिजली कटौती से परेशान हैं। हालात यह है कि प्रदेश के 14 पावर प्लांट मौजूदा समय में बंद हो चुके हैं। कई बंद होने की कगार पर हैं। इससे उद्योग धंधे तो प्रभावित हो ही रहे हैं। खेती से जुड़े किसानों पर भी इसका साफ असर देखा जा सकता है।