लखनऊ में हुए अजीत सिंह हत्याकांड में पूर्व सांसद धनंजय सिंह का नाम साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था। विभूतिखंड थाने में उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इस मामले में कोर्ट की ओर से गैर जमानती वारंट भी जारी हुआ था। इसके बाद पुलिस ने पूर्व सांसद पर इनाम भी घोषित किया था। हालांकि इनाम घोषित होते ही धनंजय सिंह ने एक पुराने मामले में जमानत तोड़वाकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। कोर्ट से दोबारा जमानत पर रिहा होने के बाद धनंजय सिंह ने जौनपुर आकर पत्नी श्रीकला सिंह के समर्थन में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव प्रचार भी किया था। चुनाव बीतते ही पुलिस फिर से उनकी तलाश में जुट गई है।
घर के बाहर पीएसी तैनात
पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर पूर्व सांसद के आवास के बाहर 39वीं वाहिनी पीएसी की डेढ़ सेक्शन टुकड़ी को तैनात कर दिया है। पीएसी के जवान घर से सौ मीटर दूर से निगरानी कर रहे हैं। उन्हें यह निर्देश दिया गया है कि जैसे ही पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भनक लगे, तत्काल सूचना दें।