डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के बरैछाबीर गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम तीन सगे बेटों के बीच जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हो गई। जिसे छुड़ाने पहुंचे वृद्ध की चोट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरैछाबीर गांव निवासी पलटू यादव (70) के बेटे सियाराम का अपने भाई भोला यादव और पवन के साथ बृहस्पतिवार की देर शाम जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर तीनों भाई आपस में भिड़ गए। बताते हैं कि सियाराम के पक्ष में पलटू आगे आए और मारपीट छुड़ाने लगे। इसी दौरान सभी को चोट लगी। वहीं, अंदरूनी चोट लगने के कारण पलटू की कुछ देर बाद तबीयत खराब हो गई। जिसपर मंझले बेटा सियाराम इलाज के लिए उन्हें वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह पिता के शव को लेकर चंदवक थाने लाया। जहां से पुलिस ने आगे की कार्रवाई करने के लिए शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद बीरीबारी ले गई। यहां डॉक्टरों ने बताया कि मृतक के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। संभावना जताई जा रही है कि उन्हें अंदरूनी चोट लगी होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सियाराम यादव द्वारा शुक्रवार को भोला और पवन के खिलाफ मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में सीओ शुभम तोडी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मृतक के दो बेटों पर मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।