खुटहन-खेतासराय मार्ग पर खेतासराय थाना क्षेत्र के बारा मोड़ के निकट रविवार की रात पुलिस और पशु तस्करों में हुई मुठभेड़ में गोली लगने से एक पशु तस्कर घायल हो गया और चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस दौरान एक सिपाही घायल हो गया। घायल पशु तस्कर को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने ट्रक में लदे 24 मवेशियों को बरामद किया।
प्रभारी निरीक्षक खेतासराय राजेश यादव ने बताया कि रात में मुखबिर से सूचना मिली कि पशु तस्कर लदा ट्रक लेकर खुटहन खेतासराय के रास्ते बिहार जाने वाले हैं। पुलिस ने कलापुर मोड़ पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक को पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रक को पुलिस टीम पर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए ट्रक का पीछा कर लिया। पुलिस को पीछा करता देख बारा मोड़ के पास ट्रक रोक कर पशु तस्कर भागने लगे। इस दौरान पशु तस्करों में से एक ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पशु तस्करों की चलाई गोली खेतासराय थाने के आरक्षी छट्ठू यादव की बांह को छिलती हुई निकल गई। जवाबी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक खेतासराय राजेश यादव ने गोली चलाई, जो अखिलेश यादव निवासी कोहड़ा थाना शाहगंज के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी अखिलेश को तथा आरक्षी छट्ठू यादव को पीएचसी सोंधी लाया गया। जहां पर डाक्टर ने अखिलेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अखिलेश समेत चार पशु तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ट्रक से 24 गोवंश व एक देसी कट्टा कारतूस बरामद किया गया । गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपियों में अमित यादव निवासी कोहड़ा थाना शाहगंज ,गुड्डू यादव निवासी रसूलपुर थाना खुटहन ,कृष्ण कुमार यादव निवासी शेरापट्टी थाना खुटहन शामिल हैं। सभी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं 25 आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज किया है।