जौनपुर। कोरोना की दूसरी लहर के बाद ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग वैक्सीनेशन पर जोर दे रहा है। जिले में टीकाकरण के लिए 415 स्वास्थ्य टीमें घर-घर पहुंच रही हैं। हर घर में दस्तक देकर बचे हुए लोगों को टीका लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की माने से दिसंबर के अंत तक वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने की तैयारी है। अब तक जिले में कुल 37 लाख 56 हजार लोगों को कोविड-19 का टीका लगा दिया गया है।
उधर, विभाग संक्रमित मरीजों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयारी में जुट गया। अस्पतालों में दवा, बेड, ऑक्सीजन, डाक्टर्स, स्टाफ नर्स आदि की तैनाती के लिए प्लानिंग की जा रही है। संक्रमण से बचाव को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। संक्रामक वैरिएंट को रोकने में पूरी ताकत लगाने को कहा गया है। साथ ही जांच-निगरानी उपायों और स्वास्थ्य सुविधाओं में तेजी लाने की तैयारी शुरू हो गई है। सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह ऐसे गांवों में पहुंच कर लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित कर रही हैं, जहां टीकाकरण कम हुआ है।
रोडवेज परिसर में जांच के लिए लगाई गई टीम
जौनपुर। रोडवेज परिसर में स्वास्थ्य विभाग की टीम बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच कर रही है। इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आने वाले लोगों को टीका लगा है कि नहीं। जिसे टीका नहीं लगा है, टीका लगाया जा रहा है। सभी को कोविड से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की नसीहत दी जा रही है। रोडवेज परिसर में स्वास्थ्य टीम को सतर्क कर दिया गया है।
यह है व्यवस्था
सरकारी एल-टू अस्पताल- 3 (172 बेड)
एल वन प्लस अस्पताल -4 (160 बेड)
निजी एल-टू अस्पताल -9 (218 बेड)
निजी चाइल्ड अस्पताल- 9 (61 बेड)
अस्पतालों की कुल संख्या -25 (611बेड)
ऑक्सीजन प्लांट की संख्या -14
ऑक्सीजन प्लांट ऑपरेटर्स- 14
ऑक्सीजन कनसंट्रेटर- 150
सैंपलिंग की टीम 27
कुल रैपिड एंटीजन टेस्ट -737022
आरटीपीसीआर कलेक्शन- 595238
ट्रूनट से कुल टेस्ट- 2552
संचय नमूना- 1334812
जिले में एक्टिव केस- 1