जौनपुर। खुटहन थाना मुबारकपुर गांव स्थित बाजार में संचालित एक मेडिकल स्टोर के संचालक और दीवानी में अधिवक्ता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने शनिवार की सुबह जबरन दुकान में घुसकर उससे मारपीट की। गल्ले में रखा 1.75 लाख रुपये और आठ लाख से अधिक कीमत की दवा उठा ले गए। वहीं, इसी मामले को लेकर दीवानी में अधिवक्ता लामबंद हो गए। जिसके बाद प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
खुटहन थाना क्षेत्र के अंगुली गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप यादव का मोबारकपुर बाजार में मेडिकल स्टोर है। उनका आरोप है कि शनिवार की सुबह वे घर से कोर्ट के लिए निकले और दुकान में बैठ थे, तभी मोबारकपुर गांव कुछ व्यक्ति पहुंच गए। वे कहासुनी करते हुए भीतर घुस गए। मना करने पर उसे मारपीट कर घायल कर मोबाइल भी तोड़ दिए। आरोप है कि दोनों लोगों ने गल्ले में रखा 1.75 लाख रुपये और 8 लाख रुपये से अधिक कीमत की दवाएं उठा ले गए। उधर, कोर्ट आते समय प्राणघातक हमला की खबर लगते ही अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। कोर्ट परिसर का चक्रमण करके विरोध जताया। साथ ही सभी अदालतों को बंद कराया। कुछ समय के लिए बंदियों की गाड़ी भी रोकी गई। लगातार अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों को लेकर अधिवक्ता समुदाय पूरे दिन आक्रोशित रहा। साधारण सभा की बैठक भी हंगामेदार रही। कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ भी अधिवक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त किया। दूसरी ओर अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंच कर एएसपी सिटी डा. संजय कुमार से मिलकर त्वरित प्रभावी कार्यवाही की मांग की। साथ ही सोमवार को बैठक करके अग्रिम रणनीति तय करने की बात कही। वहीं, प्रभारी निरीक्षक अश्वनी दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आरोपी लाल साहब यादव और राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया गया है।