कोविड-19 के तीसरे लहर से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैैयारी में जुटा है। दवा के साथ अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड और आक्सीजन के साथ अन्य संसाधनों को जुटाने में लगा है। डीएएम व सीएमओ विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर हर रोज तैयारी की समीक्षा कर रहे हैं। सरकारी के साथ निजी अस्पतालों को तैयार किया जा रहा है।
कोविड संक्रमण की तीसरी लहर का सामना करने के लिए पांच अस्पतालों में पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट (पीकू), एक सिक न्यू बार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) और न्यू नेटल इंटेसिव केयर यूनिट (नीको) तैयार किया जा रहा है। निजी अस्पतालों में 14 नीको और दो पीकू तैयार किए गए हैं। नीको में कुल 50 बेड की सुविधा है जबकि पीकू में 112 बेड की सुविधा है। जिला अस्पताल में पीकू के 40 बेड तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही सतहरिया, बदलापुर, शाहगंज और केराकत सीएचसी में 12-12 बेड सहित सरकारी अस्पतालों में कुल 88 बेड तैयार किए गए हैं। जबकि निजी अस्पतालों में 24 बेड की तैयारी हैं। इस तरह से पीकू के तहत इलाज के लिए जिले में 112 बेड की व्यवस्था है। वहीं नीको के तहत इलाज के लिए जिले में 50 बेड की व्यवस्था है जिसमें से 40 बेड निजी और 10 बेड सरकारी अस्पताल में हैं। जिला महिला चिकित्सालय में एसएनसीयू के लिए 10 बेड की व्यवस्था है।
कोविड की तीसरी लहर में बच्चों के प्रभावित होने की आशंका है। जिसका सामना करने के लिए जिले के सभी प्रख्यात बाल रोग विशेषज्ञों के साथ बैठक कर तैयारी की जा रही है। तीसरी लहर से लड़ने के लिए भरपूर संसाधन तैयार कर चुके हैं। सीएमओ डॉ. जीएसबी लक्ष्मी का कहना है कि इसके लिए बाल रोग विशेषज्ञ के चिकित्सालयों को चिह्नित कर लिया गया है। वहां व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण कराने को प्राथमिकता दी जा रही है। जिससे संक्रमण फैलने की आशंका कम से कम रहे। सरकारी चिकित्सालयों को बच्चों के दृष्टिकोण से भी तैयार किया जा रहा है। इसके लिए सरकारी तथा निजी चिकित्सालयों में पीडियाट्रिक आईसीयू तैयार किया जा रहा है।
14 में से नौ ऑक्सीजन प्लांटों में उत्पादन शुरू
जौनपुर। कोविड-19 संक्रमण के दौरान मरीजों की जान बचाने के लिए जिले में 14 ऑक्सीजन प्लांट प्रस्तावित थे। जिसमें से नौ प्लांट बनकर तैयार हो गया है। इन प्लांटों में उत्पादन शुरू हो गया है। शेष प्लांट भी शीघ्र ही बनकर तैयार हो जाएंगे। तैयारी ऐसी की जा रही है कि कोविड की तीसरी लहर आई तो ऑक्सीजन की कमी से किसी की जान ना जाए। सीएमओ डा. जीएसबी लक्ष्मी का कहना है कि जिन प्लांटों का पूरा नहीं हो पाया है उनका निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।