गौराबादशाहपुर डी फार्मा की परीक्षा देने जा रहे स्कूटी सवार छात्र व छात्रा को मंगलवार को पिकअप ने धक्का मार दिया। इस हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छात्रा घायल हो गई। उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के वनवीरपुर गांव निवासी छात्र जार्ज विलियम (19 ) मंगलवार को अपने रिश्तेदारी की छात्रा सुजानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भभरा गांव निवासी मधु पटेल (19 ) के साथ स्कूटी पर सवार होकर गौराबादशाहपुर डी फार्मा की परीक्षा देने जा रहे थे। वह मादरडीह धर्मशाला सुजानगंज मार्ग पर पहुंचे थे कि तभी पीछे से पौधे लादकर आ रहे पिकअप ने धक्का मार दिया। जिससे छिटककर जार्ज विलियम व मधु पटेल सड़क पर गिर पड़े। गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही जार्ज विलियम की मौत हो गई, जबकि घायल मधु को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।