जिला पंचायत की तरफ से विकास कार्य कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। 32 करोड़ रुपये सेअलग-अलग कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इनमें से कुछ कार्यों के लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं, जबकि कई प्रस्तावों का टेंडर निकालने की प्रक्रिया चल रही है।
जिला पंचायत की तरफ से जनपद में विकास कार्य कराए जाने हैं। इसके लिए तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। जल्द ही जिला पंचायत बोर्ड की बैठक होने वाली है। वहीं, पिछले दिनों हुई बोर्ड की बैठक के बाद विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कराए जा रहे हैं, जो करीब-करीब पूरे हो चुके हैं। ये प्रस्ताव आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझाव के आधार पर तैयार किए गए हैं। जिनमें नाली, सड़क, सार्वजनिक शौचालय, स्ट्रीट लाइट, इंटर लाकिंग आदि के कार्य शामिल हैं। हालांकि 10 लाख रुपये के नीचे के कई विकास कार्यों को कराने के लिए मैनुअल टेंडर निकाल दिया गया है। जिसकी कुल लागत 6 करोड़ के करीब है। शेष 26 करोड़ रुपये से कार्य कराने के लिए कई बड़े प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। जिनकी लागत 10 लाख रुपये से अधिक है। इनके टेंडर की प्रक्रिया ऑनलाइन कराई जानी है। जिसके लिए फाइल तकनीकी स्वीकृति के लिए शासन को भेजी गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह का कहना है कि जिन आम नागरिकों व जन प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव दिया है, उनका जिला पंचायत से सत्यापन कराया गया। इनमें से जो कार्य जनहित से जुड़े थे, वे प्रस्ताव में शामिल किए गए। टेंडर होने के बाद उन कार्यों को प्राथमिकता से पर कराया जाएगा।