बरईपार। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर गांव तेजाब से झुलसी महिला की मौत के होने के बाद परिवार के लोग अपनी मांगों पर अड़ गए थे। दूसरे दिन मंगलवार को एसडीएम पहुंची। जिन्होंने विवादित भूमि की पैमाइश अपने सामने करवाया। साथ ही हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिवार के लोग शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किए।
कपुरपुर निवासी किरण माली पत्नी राधेश्याम माली (35) पर साल को 18 जनवरी को पड़ोसियों ने तेजाब डाल दिया था। पीडि़ता का वाराणसी में इलाज चल रहा था। जहां उसकी रविवार को मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की रात आठ बजे शव गांव पहुंचा। पति राधेश्याम माली उपजिलाधिकारी मछलीशहर ज्योति सिंह को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए थे। परिजनों का कहना था कि पीडि़ता को तात्कालिक सरकारी सहायता दी जाए। विवादित जमीन की पैमाइश कराकर कब्जा खाली कराया जाए। इसके बाद ही शव जलाने के लिए जाएगा। घटना की जानकारी होने पर तहसीलदार मछली शहर सुदर्शन राम और कोतवाल मछली शहर अवनीश राय फोर्स के साथ पहुंच गए हैं। वह पीडि़त परिवार को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पीडि़त परिवार मानने को तैयार नहीं है। ऐसे में रातभर पुलिस शव के पास पहरा देती रही। इधर, बुधवार को दिन में 11 बजे उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह मौके पर पहुंची। उन्होंने परिजनों की बात की। साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया। जिस जमीन के लिए विवाद था उस जमीन को तुरंत ही नापी करवाया। सरकारी मदद का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। परिजन शव का अंतिम संस्कार जौनपुर के रामघाट पर किए। वहीं, उपजिलाधिकारी ने बताया कि मृतक की जमीन की नाप करवा दी गई है। सरकारी मदद जल्द से जल्द परिवार को मुहैया करा दी जाएगी। कोतवाल अवनीश राय ने बताया कि मृतक किरण माली के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालने वाले पड़ोसी पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेजे जा चुके हैं। अब हत्या की धारा बढ़ा दी जाएगी।