करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के क्यार गांव में दबंगों की ओर से घर में आग लगाने का आरोप है। आगजनी में 70 हजार नकदी समेत लाखों का सामान जलकर खाक हो गया है। आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी हुई है।
क्यार गांव निवासी उदयनाथ का आरोप है कि जमीनी रंजिश को लेकर पड़ोसी शनिवार की रात उनके घर में आग लगा दिया। इसमें 70 हजार रुपया नगदी और कपड़ा, बिस्तर, अनाज, बर्तन आदि लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। भुक्तभोगी परिवार के लोगों ने जली हुई नोटों की गड्डी लेकर थाने पहुंचे। तहरीर देकर आरोप लगाया कि दबंगों ने उनके घर में आग लगाई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, तब घर में सो रहे लोगों ने भागकर जान बचाई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। जब तक आग बुझाने का प्रयास करते, सब कुछ जलकर राख हो गया। पीडि़त परिवार का कहना है कि उनके घर में तीन बेटियां हैं। मझली पुत्री की शादी नवंबर में होनी है। ऐसे में सब कुछ जल गया है। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि अनहोनी की आशंका जताते हुए कई बार पुलिस से शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थानाध्यक्ष देवानंद रजक का कहना है कि आग शार्ट सर्किट के चलते लगी है। पुलिस पर आरोपियों के बचाने का आरोप बेबुनियाद है।