जफराबाद थाना क्षेत्र के शंकरगंज रेलवे क्रासिंग पर बुधवार की सुबह दबंगों ने रोडवेज बस के चालक की पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस बस को थाने ले आई। इसके बाद चालक से तहरीर लेकर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। वहीं सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।
लखनऊ चारबाग रोडवेज डिपो की बस वाराणसी लेकर चालक शिवप्रसाद शर्मा पुत्र बालीध्वज शर्मा निवासी ओका थाना बक्शा तथा परिचालक राजेश कुमार वाराणसी जा रहे थे। जौनपुर रोडवेज डिपो से इस बस में वाराणसी की कई सवारियां बैठीं। बस जगदीशपुर क्रासिंग से आगे निकली, तब उसमें सवार रेयाज अहमद, एखलाक अहमद, जमीर अहमद कज्जाकपुरा, कोनिया थाना आदमपुर वाराणसी, मोहम्मद सुहेब निवासी जलालीपुरा चुंगी थाना जैतपुरा वाराणसी ,मोहम्मद आरिफ मड़ौली थाना मंडुवाडीह, सोनू बिंद निवासी लखनपुर नई बस्ती मंडुवाडीह वाराणसी किसी बात को लेकर परिचालक से उलझ गए। इसपर परिचालक ने चालक शिवप्रसाद शर्मा को बस रुकवाकर थाने ले जाने को बोला। तब इन युवकों ने परिचालक को थप्पड़ मारा, और चालक शिवप्रसाद शर्मा को जमकर पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं इन लोगों ने बस के शीशे भी तोड़ दिए। चालक ने बस को शंकरगंज क्रासिंग पर रोक दिया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर हल्क ा सिपाही संजय शर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह को घटना की जानकारी दिया। उसके बाद चालक बस सहित थाने आया, जहां आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दिया। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया। वहीं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हौज तिराहे के पास घेरेबंदी करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।