जौनपुर। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना में बरातियों को लेकर लौट रही कार पलट गई। उसमें सवार दस लोग घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक इलाज करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रामपुर: राजापुर निवासी राम फकीर यादव ( 65) दवा के लिए साइकिल से रामपुर आ रहे थे। जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग पर गोपालापुर मोड़ के पास ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुंगराबादशाहपुर-सुजानगंज मार्ग पर रायपुर गांव के पास बसुई नदी पर निर्माणाधीन पुलिया के पास खाई में रविवार की भोर तीन बजे अनियंत्रित कार पलट गई। उसमें सवार दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से जेसीबी से कार को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने बताया कि शनिवार को मछलीशहर तहसील क्षेत्र के बरईपार से बरात में शामिल होने के लिए लोग कार से गए थे। घायलों में शोभावती (37) पत्नी राम चंद्र , कुसुम(35) पत्नी राहुल, आंचल (27) पत्नी राम आसरे, नगीना (38) पत्नी रोहित, सरिता (32) पत्नी राम चंद, आयुष (5) पुत्र राहुल, अनीता (7) पुत्री राहुल, सुहानी (5) पुत्री रोहित, सूर्या (1) पुत्र रोहित, दिनेश (40) पुत्र रामराज शामिल हैं। उधर घटना की जानकारी होने पर सपा नेता पंकज मिश्र के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। मौके पर पहुंची एसडीएम मछलीशहर ज्योति सिंह ने निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इस दौरान दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। चक्काजाम में मुख्य रूप से पंकज मिश्र, लक्ष्मीकांत यादव, शैलेश सिंह, संतोष यादव, पप्पू यादव, विपिन यादव, देवराज पटेल, नंदलाल यादव, राजू पटेल, शैलेश सरोज, वीरेंद्र यादव, वीरू यादव, प्यारे लाल बिंद, पप्पू प्रजापति, राकेश गोस्वामी आदि शामिल रहे।